जालंधर में रिश्वत लेने पर हवलदार गिरफ्तार:नौकरी दिलवाने के नाम पर लिए ₹49800, विजिलेंस ब्यूरो ने की कार्रवाई।

जालंधर में रिश्वत लेने पर हवलदार गिरफ्तार:नौकरी दिलवाने के नाम पर लिए ₹49800, विजिलेंस ब्यूरो ने की कार्रवाई।

जालंधर(सिटी तेज़ खबर ब्यूरो) पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने आज यानी बुधवार को रिश्वत लेते हुए थाना नकोदर में तैनात हवलदार कंवरपाल सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 49 हजार 800 रुपए की रिश्वत ली थी। आरोपी को विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।

विजिलेंस टीम के पास उक्त पुलिसकर्मी के खिलाफ श्री मुक्तसर साहिब के गांव मदरसा निवासी लखविंदर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद एक्शन लेते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी हवलदार को गिरफ्तार कर लिया है।

नौकरी दिलवाने के नाम पर मांगे साढ़े 6 लाख

शिकायत में आरोप लगाया है कि वह एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड है। आरोपी पुलिसकर्मी ने शिकायतकर्ता को अनुकंपा के आधार पर होम गार्ड में नौकरी दिलाने के एवज में 6.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। हवलदार ने उनसे पहली किस्त के रूप में 50,000 रुपए देने को कहा।

इसके बाद आरोपी हवलदार ने बार-बार उस पर फोन-पे के माध्यम से अपने एचडीएफसी खाते में राशि ट्रांसफर करने का दबाव डाला। आरोपी ने दस-दस हजार कर पैसे लिए थे। पीड़ित कुल करीब 49,800 रुपए दे चुका था।

जांच के दौरान यह साबित हो गया है कि उक्त हवलदार ने शिकायतकर्ता से रिश्वत ली थी। इस जांच के आधार पर विजिलेंस ब्यूरो की जालंधर रेंज में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *